सतना जिले के जैतवारा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक को थाने के अंदर घुसकर देर रात करीब 12 बजे एक युवक ने गोली मार दी और आरोपी मौके से फरार हो गया।

मध्य प्रदेश के सतना जिले में जैतवारा थाने में घुसकर एक बदमाश ने हेड कांस्टेबल को गोली मार दी। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, देर रात लगभग 12 बजे एक बदमाश ने खाना खाने बैठे प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को गोली मार दी। गोली मारने के बाद आरोपी वहां से भाग। घायल प्रधान आरक्षक को आनन-फानन में सतना जिला अस्पताल लाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे संजय गांधी मेमोरियल हॉस्पिटल रीवा के लिए रेफर कर दिया गया है।
हेड कांस्टेबल का रीवा में चल रहा इलाज
बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, प्रिंस गर्ग पर स्थानीय बदमाश अच्छू उर्फ आदर्श शर्मा निवासी मेहंती थाना जैतवारा ने गोली चलाई है। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही हैं।
घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नही हो पाई है। पुलिस जांच कर रही है जांच के बाद ही असली वजह का पता चल पाएगा। वहीं एसपी ने बताया कि थाने में पुलिसकर्मी को गोली मारी गई है जिसे रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाज जारी है। घटना का कारण क्या है यह स्पष्ट नहीं है।