भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर मिसाइल से अटैक कर नेस्तनाबूद कर दिया। इसके बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री, कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की है।

भारत ने पाकिस्तान से पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया है। भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों के 9 ठिकानों पर मिसाइल से अटैक कर नेस्तनाबूद कर दिया। ये हमला इंडियन टाइम के मुताबिक रात 1.05 बजे से 1.30 बजे के बीच किया गया। इस ऑपरेशन के बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री, थल सेना की ओर से कर्नल सोफिया कुरैशी और वायु सेना में विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने प्रेस कॉन्फेरेंस के जरिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में जानकारी दी। ऐसे में आइए थल सेना की कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में जानते हैं।
कौन हैं कर्नल सोफिया कुरैशी?
सोफिया कुरैशी भारतीय थल सेना में कर्नल के पद पर अधिकारी हैं। वह सिग्नल कोर में सेवा देती हैं। लेफ्टिनेंट कर्नल कुरैशी गुजरात से हैं। उनके दादा सेना से सेवारत थे। इसलिए सोफिया को शुरू से ही सेना के जीवन से बहुत कुछ सीखने को मिला। 1999 में ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी से कमीशन प्राप्त किया। उन्होंने ने भारत में विभिन्न पदों पर काम किया, जिसमें सिग्नल रेजिमेंट में आतंकवाद विरोधी क्षेत्र भी शामिल हैं।
ऐसा करने वाली पहली महिला अधिकारी बनी थीं सोफिया कुरैशी
कर्नल सोफिया कुरैशी आसियान प्लस बहुराष्ट्रीय क्षेत्रीय प्रशिक्षण अभ्यास फोर्स 18 में भारतीय सेना के प्रशिक्षण दल का नेतृत्व करने वाली पहली महिला अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त कर चुकी हैं(2016 में)। वह सभी आसियान प्लस टुकड़ियों में एकमात्र महिला अधिकारी टुकड़ी कमांडर थीं। मार्च 2016 में, वह एक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में सेना की टुकड़ी का नेतृत्व करने वाली पहली महिला अधिकारी बनीं।
कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान में भी कर चुकी हैं काम
उन्होंने 2006 में कांगो में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियान में सैन्य पर्यवेक्षक के रूप में भी काम किया था। कर्नल कुरैशी के पति भी सेना में ही हैं। उनके पति मेजर ताजुद्दीन कुरैशी मैकेनाइज्ड इन्फेंट्री में काम करते हैं।